ध।मपुर। गांव बेरखेड़ा टांडा में विकास कार्यो की जांच करने पहुंची टीम के सामने गांववासियों ने प्रधान पर विकास कार्यों में गोलमाल का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। गांववासियों का आरोप है कि प्रधान ने विकास कार्यों में जमकर धांधली की है। जांच टीम के प्रधान का पक्ष लेने पर गांववासियों ने जमकर हंगामा कर सही जांच कराने की मांग की।
गांव के कपिल कुमार, चित्रवेश कुमार, देशराज सिंह, अंकित कुमार, लईक अहमद, जयवंत सिंह आदि ने एसडीएम से गांव में विकास कार्यों में हुई धांधली की शिकायत की थी। एसडीएम के आदेश पर मंगलवार को जांच टीम गांव पहुंची। जांच टीम के सामने गांववासियों ने आरोप लगाया कि प्रधान ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनने शौचालयों में जमकर घालमेल किया है। अपात्रों के शौचालय खड़ा करा दिए हैं, जबकि पात्र शौचालय के लिए मुंह देखते रह गए। आरोप है कि गांव में कोई पौधरोपण कार्य नहीं किया गया। पंचायत से 11 सौ पौधों का धन आहरण कर लिया गया। मनरेगा योजना से मिट्टी कार्य में धन का बंदरबांट किया गया। पंचायत में ऐसे कई जॉब कार्ड बना दिए गए जो बाहर रह रहे हैं। आरोप है कि कार्यों योजना के उन्हीं कार्यों को किया गया जो प्रधान के हित में है। बाकी विकास कार्यों को दरकिनार कर दिया गया। जांच टीम ने हब बिंदुओं पर जांच के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेेजने की बात कही है। जांच में प्रधान का पक्ष लेने पर गांववासियों ने टीम के सामने जमकर हंगामा किया। जांच टीम में शामिल अवर अभियंता लघु सिंचाई संजीव कुमार का कहना है कि गांववासियों के आरोपों की बिंदुवार जांच कर ली गई है। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।