डीसीएम-बाइक की भिड़ंत में एक की मौत
बिजनौर। डीसीएम और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मुजफ्फनगर पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे चिंताजनक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव तीवड़ी निवासी धर्मवीर (30), धनीराम (32) बाइक से मीरापुर से लौट रहा था। मेरठ-पौड़ी हाईवे पर मुजफ्फरनगर जिले के गांव देवल के सामने पहुंचने पर बाइक डीसीएम की चपेट में आ गई। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मुजफ्फरनगर पुलिस ने बिजनौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने धनीराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि धर्मवीर को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक धनीराम चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार दोनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। आरोपी चालक डीसीएम समेत मौके से फरार हो गया। युवक अपने पीछे पत्नी, चार बच्चों सहित अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।