एसडीएम प्रकरण में एसपी देहात से मिले कर्मचारी नेता
बिजनौर। चांदपुर के आईएएस एसडीएम आलोक यादव पर आरोप लगाने वाले आशु लिपिक के समर्थन में कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ आ गया है। संघ के पदाधिकारियों ने एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव से मिलकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी देहात ने चांदपुर सीओ को जांच के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चांदपुर एसडीएम कार्यालय में तैनात आशु लिपिक किशन चंद ने आईएएस एसडीएम आलोक यादव पर जाति सूचक शब्द कहकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत आला अधिकारियों से की गई है। मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। किशन चंद का कहना है कि चांदपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने एफआईआर लेने से मना कर दिया था। मंगलवार को कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के पदाधिकारी आशु लिपिक किशन चंद के साथ एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव से मिले। एसपी देहात को बताया कि इस प्रकरण में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मामले में एसडीएम चांदपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाए। एसपी देहात ने चांदपुर सीओ को इस मामले में जांच कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान संघ अध्यक्ष सतीश वर्मा, मंत्री सतीश चौधरी, संजय अग्रवाल, विजयपाल सिंह, प्रशासनिक अधिकारी बाबूराम सैनी, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।