ग्रामों का स्वच्छता सर्वेक्षण कराने के निर्देश
बिजनौर। मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण मिश्रा ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामों का स्वच्छता सर्वेक्षण कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
वृहद स्वच्छता अभियान के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का समूह गठित कर ग्रामों में साफ-सफाई का अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर जलभराव तथा कूड़ा-करकट आदि का सुरक्षित निस्तारण 31 जुलाई तक करा लें । जन सामान्य को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए जा रहे शौचालय निर्माण एवं अन्य कार्यों की जानकारी दें। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर व ग्राम पंचायत पर जाकर ग्राम प्रधानों से जाकर बैठक अवश्य करें। कहा कि सर्वेक्षण के लिए टीम गठित कर ग्रामों में जाकर स्वच्छता के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उसके बाद में वे अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त स्कूल व कॉलेज के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि वे स्कूली छात्र व छात्राओं से जनपद के विभिन्न स्कूलों में स्वच्छता रैली निकाले और एनसीसी के छात्रों द्वारा ग्रामों के अंदर श्रमदान करने के लिए प्रेरित करें। कहा कि नवाचरण गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण का प्रचार-प्रसार करना जैसे स्वच्छ रथ, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो एवं स्वच्छाग्राहियों के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण प्रचार-प्रसार करना और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाना सुनिश्चित करें। जनपद के कार्यालय, सार्वजनिक स्थानों, पंचायत भवनों पर स्वच्छ सर्वेक्षण के पोस्टर लगाए जाएं। शासन द्वारा जिन स्कूलों की छात्रवृत्ति संबंधित त्रुटियां सही नहीं थी, वह अपनी त्रुटियां जल्दी सही करना सुनिश्चित करें, अगर ऐसा नहीं किया गया तो शासन द्वारा उन स्कूलों को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्य से कहा कि जिन स्कूलों को पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया वे अपना लक्ष्य जल्दी पूरा करना सुनिश्चित करें। कहा कि जनपद बिजनौर को दूषित पर्यावरण से मुक्त रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करें। पौधरोपण करने के उपरांत फोटोग्राफी कराएं। इस अवसर पर जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्य और अध्यापक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
इलेक्टोरल साक्षरता अभियान का किया जा रहा संचालन
कहा कि इलेक्टोरल साक्षरता अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक स्कूल की बड़ी क्लासों में दो-दो छात्र अथवा छात्राआें को प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उनके द्वारा स्कूल एवं समाज में लोगों को लोकतंत्र के महत्व और उसकी उपयोगिता के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित किया जा सकें। उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन स्कूलों में अभी इलेक्टोरल साक्षरता क्लब का गठन नहीं किया है वे जल्दी ही इसे करना सुनिश्चित करें।