नजीबाबाद। शांतिकुंज हरिद्वार के योग प्रशिक्षकों ने गायत्री शक्तिपीठ पर आयोजित शिविर में गायत्री साधकों को योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। शक्तिपीठ व्यवस्थापक डॉ.दीपक कुमार ने बताया कि 250 प्रशिक्षणार्थी विश्व योग दिवस पर देहरादून में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित भव्य योग शिविर में प्रतिभाग करेंगे।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज के योग प्रशिक्षक ब्रजकिशोर त्रिभुवन, पुष्पेंद्र कुमार, मोहित कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। ब्रजकिशोर त्रिभुवन ने कहा कि योग दैवीय औषधि है। भगवान शिव योग विद्या के प्रथम गुरु हैं। योग की नियमित डोज से स्वस्थ और विकार मुक्त रहा जा सकता है। योग प्रशिक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने योग खाली पेट व शांत वातावरण में करने की सलाह दी।
शक्तिपीठ के योग शिक्षक कमल शर्मा व शांतिकुंज से आए मोहित कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। डॉ.दीपक कुमार ने कहा कि कुशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद 250 प्रशिक्षणार्थियों को देहरादून में 21 जून को विश्व योग दिवस पर आयोजित होने वाले भव्य योग शिविर में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। शिविर में बलवीर सिंह, हरीश शर्मा, राज भटनागर, छतरपाल सिंह, विजय सिंह, ओमपाल सिंह, प्रशांत, निशांत, आशु, देवेश, आरुष, महेंद्र, सचिन, राजकुमार, जितेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।