101 गरीब युवक-युवतियों का घर बसाएगा जिला प्रशासन
बिजनौर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रशासन 101 गरीब युवक-युवतियों का घर बसाएगा। सामूहिक रूप से इनकी दस फरवरी को इंदिरा बाल भवन में शादी कराई जाएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई हैं। हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदाय के युवक युवतियों की समारोह में शादी होगी। शादी के बंधन में बंधने वाले जोड़ों को उपहारस्वरूप गिफ्ट भी दिए जाएंगे।
सीडीओ डा. इंद्रमणि त्रिपाठी के मुताबिक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दस फरवरी को इंदिरा बाल भवन में गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाली युवक युवतियों को शादी के बंधन में बंधवाया जाएगा। इसके लिए गरीब परिवारों के 101 जोड़े चिह्नित कर लिए गए हैं। प्रशासन की ओर से शादी के बंधन में बंधने वाले हर जोड़े को 10 हजार रुपये और 20 हजार रुपये घर बसाने के लिए उनके खाते में डाले जाएंगे। समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से भी इन जोड़ो की मदद करने के लिए कहा गया है। आशीर्वाद स्वरूप ऐसे लोग इन जोड़ो की मदद करेंगे। सीडीओ ने बताया कि शादी के बंधन में बंधने वाले जिन जोड़ों के घर में इज्जतघर नहीं बने हैं, उनके इज्जतघर भी बनवाए जाएंगे। 101 अफसर भी जोड़ों की मदद के लिए चिह्नित किए गए हैं। एक अफसर एक जोड़े को उपहार स्वरूप गिफ्ट देगा। अफसरों से गिफ्ट देने का अनुरोध किया गया है। इंदिरा बाल भवन में हिंदू जोड़े की शादी के लिए वेदी बनवाई गई हैं। दूसरी तरफ मुस्लिम जोड़ों का मुफ्ती निकाह पढ़ाएंगे। उन्होंने लोगों से भी इन गरीब युवक युवतियों की मदद करने को कहा है। कोई भी इन जोड़ों की आर्थिक व गिफ्ट देकर मदद कर सकता है।