दस दिन में आधार, गाटा नंबर दें किसान : डीएम
बिजनौर।
जिलाधिकारी जगतराज ने कहा है कि आधार नंबर और जमीन की गाटा संख्या बैंकों में न देने वाले किसानों का कर्ज पहले चरण में माफ नहीं होगा। उन्होंने किसानों से 10 दिन में बैंक को ये सूचनाएं देने को कहा है।
पत्रकारों से वार्ता में डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की लघु एवं सीमांत कृषकों के फसल ऋण माफी की योजना में जिले के 95,523 किसान पात्र पाए गए हैं। उनका 1062 करोड़ 78 लाख रुपया माफ होना है। बैंकों में अपने खाते से आधार नंबर लिंक कराने व गाटा संख्या की जानकारी देने वाले किसानों का ऋण ही सरकार माफ करेगी। योजना में शामिल किसी किसान का कर्ज माफ नहीं होता है तो प्रशासन की समिति जांच करेगी। किसान को उसके पात्र या अपात्र होने के बारे में बताया जाएगा। जिला कृषि विभाग ब्लॉकों में कैंप लगाकर ऋण माफी के प्रमाण पत्र देगा।