नहर की पटरी पर मिले शव की शनाख्त
कोतवाली देहात। गांव बाहूपुरा के पास नहर की पटरी के किनारे सोमवार को मिले लगभग 20 वर्षीय युवक के शव की पहचान उसके पिता ने गांव बांकपुर निवासी जयप्रकाश के रूप में की। मृतक के पिता ने अपने परिजनों के साथ पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखे शव और उसके कपड़ों से शनाख्त की है।
युवक के पिता ने थाना कोतवाली देहात में अपने पुत्र के गायब होने की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। थाना किरतपुर व कोतवाली देहात क्षेत्र की सीमा से गुजरने वाली नहर के किनारे गांव बाहुपुरा के पास एक अज्ञात लगभग 20 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला था। घटनास्थल थाना किरतपुर क्षेत्र में होने के कारण किरतपुर पुलिस ने शव को मोर्चरी में शनाख्त के लिए रखवा दिया था। युवक के पिता थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बांकपुर निवासी प्रेम सिंह ने अपने परिजनों के साथ मोर्चरी पहुंचकर उसकी पहचान अपने पुत्र जयप्रकाश (20) के रूप में की। पुलिस ने शव की शनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। परिजनों ने बैराज घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। युवक के पिता के मृतक को मोटरसाइकिल से आना बताने पर पुलिस में घटनास्थल से कुछ दूरी पर बुधवार को उसकी बाइक भी बरामद कर ली है। प्रेम सिंह ने पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।