फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की तैयारियां शुरू
बिजनौर। कलक्ट्रेट में बिजनौर नगर पालिका और सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरमेंट नई दिल्ली की ओर से फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए दोनों में एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग) पर हस्ताक्षर हो गए हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह प्लांट लगाया जाएगा।
शहरी स्वच्छता कार्य बल की बैठक में दिल्ली से आई टीम ने पायलट प्रोजेक्ट की प्रस्तुति दी। सीनियर रिसर्च एसोसिएट भाविक गुप्ता ने बताया कि कलक्ट्रेट में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। कलक्ट्रेट के सभी टॉयलेट इससे कनेक्ट रहेंगे। यहां पर पानी को साफ किया जाएगा और गंदगी से खाद बनाया जाएगा। इस गंदगी में पेड़ों के पत्ते आदि भी मिलाए जाएंगे। बताया कि यह प्रोजेक्ट शहर की स्वच्छता के लिए बहुत अहम साबित होगा। बैठक में बिजनौर में बने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की संभावनाओं के बारे में भी बताया गया। चेयरपर्सन रूखसाना परवीन ने इस प्रोजेक्ट को लगाने की सहमति दी। बैठक में संस्था से आए भितुष लूथरा, राहुल मनकोटिआ, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी, जेई अजय गौतम, डीपीआरओ मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।