नजीबाबाद। रेलवे मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम ने बुधवार देर शाम नजीबाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे यार्ड की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रेलवे मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम शरद श्रीवास्तव बुधवार देर शाम मिलिट्री स्पेशल कोच से नजीबाबाद रेलवे स्टेेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेेशन के यार्ड का निरीक्षण किया। एडीआरएम ने यार्ड में समुचित प्रकाश व्यवस्था न होने और रेल ट्रेक पर गंदगी पसरी होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ट्रैक पर जलभराव और गंदगी से लाइनों को नुकसान पहुंचता है। सफाई व्यवस्था में ढुलमुल रवैया अपनाने पर एडीआरएम ने संबंधित अधिकारी को मुरादाबाद तलब किया। उन्होंने दूषित पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एडीआरएम ने ट्रैफिक सिग्नल कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन के आदेश मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रवर मंडल अभियंता पारितोष गौतम आदि मौजूद रहे।