गुरुग्राम में हादसे का शिकार हुआ बुड्गरा का परिवार
चंदक। हरियाणा के गुरुग्राम में सोते समय आग लगने से चंदक क्षेत्र की दो बच्चियां और उनकी मां बुरी तरह से झुलस गई। उपचार के दौरान एक बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पीड़ितों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चंदक क्षेत्र के गांव बुड्गरा निवासी अफजाल, अपनी पत्नी आशिया, पुत्री अलीना (06), अनीसा (04) के साथ गुरुग्राम में रहता है। अफजाल वहां फर्नीचर की दुकान पर काम करता है। मंगलवार रात अफजाल दुकान पर ही सो गया था। उधर, रात में आशिया खाना खाने के बाद अपनी पुत्रियों के साथ कमरे में सो रही थी। अधिक ठंड होने के कारण उसने एक तसले में आग जला रखी थी। सोते समय तकिया तसले पर गिरने से उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में बेड के बिस्तर और पर्दों ने आग पकड़ ली। आग में आशिया, अलीना, अनीसा गंभीर रूप से झुलस गई। शोर सुनकर मौके पर पहुुंचे पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान अलीना की मौत हो गई। पड़ोसियों ने घटना की सूचना अफजाल को दी। वहीं, घटना की सूचना गांव बुड्गरा में मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बुधवार सुबह ही गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए।