स्योहारा। दो सभासदों व एक सभासद के पति ने नगर पंचायत सहसपुर के अधिशासी अधिकारी नीलाभ शल्या से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें शनिवार रात बंधक बनाकर रखा। छह घंटे से ज्यादा समय तक अधिशासी अधिकारी को बंधक बनाया गया। अधिशासी अधिकारी को ट्रांसफर न कराने पर मारने की धमकी दी। अधिशासी अधिकारी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व खुद को सुरक्षा प्रदान करने के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
डीएम कार्यालय को प्रेषित पत्र में नीलाभ शल्या ने कहा कि वे नगर पंचायत के कार्यालय परिसर स्थित आवास में परिवार सहित रहते हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार 23 दिसंबर की रात जल्दी सो गए थे। रात करीब सवा आठ बजे नगर पंचायत के सभासद शद्दन व सभासद पति राशिद नशे की हालत में उनके आवास पर पहुंचे और जोर से चिल्लाने लगे। उनकी पत्नी ने दोनों को उनका स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी। फिर भी दोनों ने उन्हें जबरन सोते हुए उठवा दिया। दोनों उन्हें उनके कार्यालय ले गए और बंधक बना लिया। दोनों ने सभासद हसीब, अजीमुद्दीन व ठेकेदार वकील अहमद को फोन कर रात में ही कार्यालय आने को कहा। सभासद हसीब कार्यालय पर आ गए। तीनों ने उन्हें रात करीब ढाई बजे तक बंधक बनाकर रखा। दोनों ने उन्हें अपना स्थानांतरण कहीं और कराने तथा ऐसा न करने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। इस घटना से वह और उनका परिवार भयग्रस्त हैं। अगर उनके या उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो उसके जिम्मेदार उक्त तीनों व्यक्ति होंगे। इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। अधिशासी अधिकारी नीलाभ शल्या के मुताबिक आरोपी उन पर गलत कार्य करने का दबाव डाल रहे हैं। वे इस संबंध में सोेमवार को डीएम से मिलकर शिकायत करेंगे।