तौल बांट माप निरीक्षक की टीम ने पांच गन्ना पावर कोल्हू के अलावा मिल के तीन गन्ना क्रय केंद्रों पर छापा मारा। पांचों पावर कोल्हू की फीस जमा नहीं होने के कारण कोल्हू संचालकों के चालान किए गए हैं। कार्रवाई से पावर कोल्हू संचालकों में हड़कंप मच गया। गन्ना क्रय केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई गई।
तौल बांट माप निरीक्षक डीसी गुप्ता ने बताया कि बाजिदपुर गांव में स्थापित गन्ना पावर कोल्हू पर छापामार कार्रवाई की गई। जिसमें पावर कोल्हू संचालक सुशील कुमार पुत्र शीशराम, गंगाराम पुत्र सुक्खे, सुरेश कुमार पुत्र हरकेश, गंगाराम पुत्र केवल, रमेश पुत्र हरकेश के खिलाफ कार्रवाई की गई। पांचों गन्ना पावर कोल्हू संचालकों ने सरकारी लाइसेंस की फीस जमा नहीं की थी। इन सभी के चालान काटे गए हैं। टीम की कार्रवाई से कोल्हू संचालकों में हड़कंप मचा रहा है। इसके अलावा शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र बाजिदपुर, भिक्कावाला, खिजरपुर पर छापामार अभियान चलाया गया। किसानों के समक्ष वीडियोग्राफी कराई गई। तीनों गन्ना क्रय केंद्रों के कांटे सही निकले। तौल बांट माप निरीक्षक ने घटतौली करने, लाइसेंस फीस जमा नहीं करने वाले पावर कोल्हू संचालकों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।