ढबारसी में बुखार से छात्रा समेत दो की मौत, मचा कोहराम
ढबारसी (अमरोहा)। जनपद अमरोहा में बुखार का प्रकोप जारी है। गुरुवार को बुखार से तप रही छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं बुखार से एक ही दिन में दो मौत होने से ग्रामीण सहमे हुए हैं। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
ढबारसी निवासी मुस्कान (15) पुत्री भूरे गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। बताते हैं कि मुस्कान को करीब पांच दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने गांव के ही निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया था। बुधवार को हालत में कुछ सुधार आया तो परिजन घर ले आए। गुरुवार की सुबह मुस्कान को तेज बुखार आया। अपराह्न करीब चार बजे मुस्कान ने दम तोड़ दिया। उधर गांव की ही नसीन (45) पत्नी मोहम्मद रफी को छह दिन से बुखार आ रहा था। उसका गजरौला के वैंक्टेश्वरा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। बुधवार को नसीन की भी हालत में सुधार आया तो परिजन घर ले आए। गुरुवार को फिर से नसीन की हालत बिगड़ गई। अपराह्न करीब तीन बजे नसीन ने दम तोड़ दिया।