नूरपुर। रामडोल सेवा समिति के तत्वावधान में रामडोल का जुलूस बुधवार को धूमधाम से कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला जाएगा। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही जुलूस के रास्ते में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
नूरपुर में रामडोल का जुलूस के रास्ते को लेकर वर्ष 2012 में विवाद हो गया था। उस दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने मोहल्ला चौधरियान की एक गली से जुलूस निकाले जाने को लेकर ऐतराज जताते हुए बंजारन चौक पर जुलूस को रोक दिया था। बाद में पुलिस द्वारा लोगों को समझाकर जुलूस निकाला गया था। वर्ष 2015 में जुलूस को लेकर भारी विवाद हुआ था और जुलूस को स्थगित कर दिया गया था। तत्कालीन जिलाधिकारी वीके आनंद ने मामले की सुनवाई करने के बाद जुलूस को पुराने रास्ते से ही निकाले जाने के आदेश दिए थे। जिलाधिकारी के आदेश के बाद करीब छह माह के बाद भारी सुरक्षा के बीच जुलूस निकाला गया था। पिछले वर्ष भी प्रशासन द्वारा जुलूस में भारी पुलिस बल लगाया गया था। इस वर्ष बुधवार को रामडोल का जुलूस निकाला जाएगा।
पुलिस और प्रशासन ने जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निकाले जाने को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। कोई विवाद न हो इसके लिए दोनों पक्षों के करीब 150 लोगों को पांच-पांच लाख रुपये से मुचलका पाबंद किया गया है। पुलिस के अनुसार जुलूस के दौरान पूरी चौकसी बरती जाएगी। सुरक्षा के लिए जनपद के अलावा आसपास के जनपद से भी पुलिस बल मंगाया जाएगा। जुलूस के पूरे रास्ते में सीसीटीवी कैमरे लगाकर मॉनिटरिंग की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि गड़बड़ी करने वालों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा। जुलूस करीब 12 बजे पुराना शिव मंदिर से शुरू होकर परंपरागत रास्ते से होता हुआ वापस शिव मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगा।