स्कूल प्रबंधन ने बच्चों से की अभद्रता
बिजनौर। अभिभावक संघ ने डीडीपीएस स्कूल के प्रशासन पर बच्चों का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय के खिलाफ आंदोलन करने वाले अभिभावकों के बच्चों को चिह्नित कर उनके साथ अभद्र व्यवहार कर पीटा जा रहा है। इसके विरुद्ध आंदोलन किया जाएगा।
अभिभावक संघ ने शनिवार को प्रमुख सचिव को संबोधित ज्ञापन डीएम जगतराज को सौंपा। जिसमें बताया गया कि जो अभिभावक सीबीएसई, आईसीएसई और डीडीपीएस स्कूल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, उनके बच्चों को चिह्नित कर स्कूल प्रशासन उत्पीड़न कर रहा है। पिटाई के डर से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। स्कूल प्रशासन बच्चों को परीक्षाओं में नहीं बैठने और अनुशासन भंग करने के आरोप में स्कूल से निकालने की धमकी दे रहा है। जब अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य सुराजीत साहा से जानकारी की तो उन्होंने उनके साथ अभद्रता करते हुए वहां से भगा दिया। अभिभावकों ने प्रशासन से डीडीपीएस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिभावक संघ ने प्रशासन पर भी स्कूल प्रशासन से हमसाज होने का आरोप लगाया है। ज्ञापन देने वालों में नृपेंद्र देशवाल, अंजली गुप्ता, जयमाला अग्रवाल, सीमा भारती, मीनाक्षी शर्मा, विक्रांत वर्मा, राजीव अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, नवीन, गुलशेर आलम, मोहम्मद खालिद मौजूद रहे।