खुलासा : संतराम की हत्या लेन देन में हुई
हल्दौर। पुलिस ने गांव शरीफपुर मान में हुए संतराम सैनी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो हत्यारोपी को दबोच लिया है। संतराम की हत्या लेन-देन को लेकर की गई।
पुलिस के मुताबिक गांव शरीफपुर मान निवासी 45 साल के संतराम सैनी का तीन दिन पूर्व गांव के तालाब से शव बरामद किया था। मृतक के पुत्र सोनू ने अपने गांव के प्रधान राजवीर के पुत्र प्रभात सैनी व राम सिंह के पुत्र आदेश कुमार पर अपने पिता को शराब पिलाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए हल्दौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उक्त दोनों फरार हत्यारोपियों को बृहस्पतिवार रात बिजनौर मुरादाबाद हाईवे मार्ग पर नहर की पुलिया के पास से दबोच लिया। दोनों ने संतराम की हत्या करना कबूल किया। पुलिस के अनुसार संतराम ने आरोपी आदेश कुमार से करीब चार हजार रुपये उधार ले रखे थे। आदेश व प्रभात संतराम को शराब पिलाने का बहाना बनाकर उसे गांव के तालाब के पास ले गए। तालाब के पास दोनों ने संतराम से उधार के रुपये मांगे। इस दौरान दोनों में धक्कामुक्की हो गई और संतराम तालाब में जा गिरा। किसी तरह तालाब से बाहर निकलने पर संतराम ने दोनों की शिकायत पुलिस व गांव वालों से करने की बात कहकर शोर मचाने का प्रयास किया। दोनों ने संतराम का मुंह व नाक दबा दी। इससे संतराम ने दम तोड़ दिया। दोनों शव को तालाब में फेंककर फरार हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि दोनों हत्यारोपी का चालान कर दिया है।
-----------------------------------------
करंट लगने से राज मिस्त्री मरा
हल्दौर। गांव छजुपुरा सादात निवासी एक व्यक्ति के यहां मकान का शुक्रवार की सुबह करीब साढे आठ बजे लेंटर डाला जा रहा था। हल्दौर के मोहल्ला भूड़ निवासी 35 साल के राज मिस्त्री सोनू सैनी मकान पर सरिया डाल रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार मकान के पास से एचटी लाइन के तार गुजर रहा है। सोनू ने सरिया को मकान की छत पर डालने का प्रयास किया तो सरिया एचटी लाइन के तारों से टकरा गया। सोनू की करंट लगने से मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई हुई
हल्दौर। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र ने बताया कि क्षेत्र समेत अन्य स्थानों की विभिन्न अपराधों में लिप्त गैंगस्टर व गुंडाएक्ट में शुक्रवार को कार्रवाई की गई है। कस्बा झालू के मोहल्ला जोशियान निवासी रवि कुमार समेत 15 के खिलाफ गैंगस्टर व पांच के खिलाफ गुंडाएक्ट में कार्रवाई की है।
छापा मारकर शराब पकड़ी
बिजनौर। डीएम के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने जिले भर में जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में शराब माफियाओं की तलाश में कई जगह छापे मारे। नगीना देहात के गांव भूदान में छापा मारकर सुरेंद्र के घर से बड़ी मात्रा में कच्ची शराब पकड़ी है। शराब तस्कर घर से भाग गया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। टीम ने रावली में छापा मारकर एक तस्कर को बाइक समेत दबोचा है। बाइक से अवैध शराब सप्लाई हो रही थी। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।