24 घंटे के भीतर न देने पर परिवार को मारने की धमकी
धामपुर (ब्यूरो)। अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के लिपिक सुनील कुमार को रंगदारी भरा पत्र मिला है। पत्र में 24 घंटे के अंदर 20 लाख की रकम नहटौर बाजार में न पहुंचाने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। लिपिक ने पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है।
लिपिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को कार्यालय गया था। दोपहर बाइक से किसी काम से घर जो साकेत बिहार कालोनी में है गया था। दोबारा जब कार्यालय जाने के लिए घर से बाहर आया तो उसे बाइक के ऊपर एक लिफाफा रखा मिला। जब उसने लिफाफे को खोल कर पढ़ा तो उसमें 20 लाख की रंगदारी न देने पर परिवार को मारने की धमकी दी गई। लिपिक ने बताया कि उसकी पत्नी नहटौर ब्लाक के गांव रूखड़ियो के प्राइमरी स्कूल में मुख्य अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। पत्र में बदमाशों ने 24 घंटे के भीतर रकम नहटौर बाजार में न पहुंचाने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी है। परिवार के सदस्य दहशत में आ गए हैं। लिपिक ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेकर आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई करने और उसकी व उसके परिवार की सुरक्षा करने की मांग की है। उधर कोतवाल संजय प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर जांच शुरू कर दी है।