प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में राहुल गांधी को मिले दो हजार रुपये
बिजनौर। प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में राहुल गांधी को भी दो हजार रुपये मिले हैं। यह किसान बिजनौर की चांदपुर तहसील के गांव बास्टा का रहने वाला है। किसान के नाम की जिला प्रशासन ने दो बार जांच की थी। राहुल गांधी नाम का किसान मिलने पर जिला प्रशासन की जान में जान आई।
किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना चलाई जा रही है। योजना में जिले के 25 बीघा तक जमीन वाले लघु व सीमांत किसानों के खाते में तीन किश्तों में दो दो हजार रुपये जा रहे हैं। जिले में योजना के अंतर्गत 60 हजार से अधिक किसानों के खाते में रुपये जा चुके हैं। जिले के किसानों के नाम पर जब अचानक कृषि विभाग के अधिकारियों की नजर पड़ी तो अचानक राहुल गांधी का नाम भी सामने आया। अधिकारियों ने समझा कि कहीं किसी गड़बड़ी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खाते में रुपये न पहुंच गए हों। इससे अफसरों में हड़कंप मच गया। अफसरों ने जांच की तो पता चला कि राहुल गांधी नाम का किसान बास्टा का रहने वाला है। वह योजना का पात्र है। पात्र होने के कारण ही उसके खाते में दो हजार रुपये आए हैं। किसान का नाम राहुल गांधी निकलने पर अफसरों ने चैन की सांस ली। जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्रा के अनुसार किसान का नाम कुछ भी हो सकता है। पात्र किसानों को ही योजना का लाभ दिया जा रहा है।