रोडवेज बस से टकराया कैंटर, बस चालक की मौत
धामपुर/शेरकोट(बिजनौर)। हाईवे 74 पर शुक्रवार सवेरे गांव भनौटी की पुलिया के पास बिजनौर डिपो की बस और कैंटर की आमने-सामने हुई टक्कर में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस परिचालक व कैंटर चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने उपचार को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान बस में केवल तीन यात्री ही सवार थे। रोडवेज की बस दिल्ली से कालागढ़ जा रही थी। पुलिस ने मृतक बस चालक के शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाईवे से किनारे कर गाड़ियों की आवाजाही शुरू कराई।
एआरएम एलके त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार सवेरे करीब चार बजे बिजनौर डिपो की बस जब दिल्ली से धामपुर होते हुए कालागढ़ जा रही थी तो शेरकोट में हाईवे 74 पर गांव भनौटी की पुलिया के पास बस, सामने से तेज गति से आ रहे कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस के चालक धामपुर थाने के गांव बमनौली निवासी बलवीर सिंह(45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का परिचालक गजेंद्र सिंह व अफजलगढ़ थाने के गांव सुआवला निवासी इस्लामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं कैंटर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया गया। बेहोशी के कारण कैंटर चालक के नाम का अता पता नहीं लग सका है। एआरएम ने बताया कि हादसे के दौरान इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन व उसका बैग गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं लग सका। बैग में कितने रुपये थे, उनके द्वारा सही जानकारी देना मुश्किल है। बताया कि घटना के कुछ ही देर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने तीनों को हायर सेंटर रेफर किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। पुलिस का अनुमान है कि सवेरे के समय दोनों वाहनों के चालकों में से किसी एक को नींद का झोंका आने से हादसा हुआ है। पुलिस ने बस और कैंटर को हाईवे से किनारे कर मार्ग पर लगे जाम को खुलवाया। गनीमत रही कि अल सुबह होने के कारण बस में मात्र तीन सवार ही थी।