युवतियों से छेड़छाड़ के विरोध में रोकी ट्रेन, किया पथराव
चंदक(बिजनौर)। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में युवतियों से छींटाकशी का विरोध करने पर युवकों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन पर पथराव किया। पुलिस के पहुंचने पर युवक जंगल के रास्ते से भाग निकले।
शुक्रवार की सुबह अचानक लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस चंदक और बालावाली स्टेशन के बीच गांव नाईवाला के पास रुक गई। इसी दौरान अचानक कुछ युवाओं ने गाड़ी पर पथराव करना शुरू कर दिया। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ट्रेन के गार्ड ने चंदक रेलवे स्टेशन पर घटना की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने चंदक पुलिस चौकी पर ट्रेन पर पथराव होने के बारे में जानकारी दी। पुलिस के वहां पर पहुंचने पर आरोपी युवक जंगल के रास्ते से भाग गए। यात्रियों ने बताया कि नजीबाबाद स्टेशन से कुछ युवक बोगी में सवार हुए थे। आरोप है कि ट्रेन चलने के बाद कुछ युवकों ने युवतियों पर छींटाकशी शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। चंदक स्टेशन पर युवक ट्रेन से उतर गए और फिर से ट्रेन में चढ़ गए। उन्होंने फिर से छींटाकशी शुरू कर दी। इसके बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी गई। इससे पहले यात्री कुछ समझते युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। यात्रियों ने खिड़की बंद कर अपनी जान बचाई। गार्ड ने चंदक स्टेशन पर पथराव होने की सूचना दी। पुलिस को देखकर युवक जंगल के रास्ते भाग गए। पुलिस की देखरेख में गाड़ी रवाना की गई। गनीमत रही किसी यात्री चोट नहीं आईं। स्टेशन मास्टर अमित कुमार का कहना है कि गार्ड द्वारा ट्रेन पर पथराव होने का मेसेज मिला था। इसकी सूचना पुलिस चौकी पर दी गई।