वेव समूह की चीनी मिलों ने जारी किया इंडेंट
बिजनौर। वेव समूह ने अपनी चीनी मिलों का गन्ना इंडेंट जारी कर दिया है। समूह की मिलों ने किसानों को तीन दिनों का 51 हजार 450 क्विंटल का इंडेंट भेजा है। चीनी मिल 25 नवंबर को पेराई शुरू कर देंगी।
जिले में नौ चीनी मिल हैं। सात चीनी मिलों में पेराई शुरू हो गई थी। वेब समूह की बिजनौर व चांदपुर चीनी मिलों ने पेराई की तारीख का एलान नहीं किया था। इसको लेकर किसानों में असमंजस की स्थिति बनी थी। किसान अपना गन्ना खरीद केंद्र दूसरे चीनी मिलों को देने की मांग लेकर रोजाना डीसीओ कार्यालय आ रहे थे। प्रशासन ने समूह पर दबाव बनाया तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन मे दोनों चीनी मिल जल्दी चलाने को कहा था। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार चांदपुर व बिजनौर मिलों का बॉयलर पूजन हो गया है। बिजनौर चीनी मिल ने 24 नवंबर का गन्ना खरीद केंद्रों का 500 क्विंटल, 25 नवंबर का मिल गेट का दो हजार क्विंटल व सेंटरों का 500 क्विंटल, 26 नवंबर का गेट का चार क्विंटल व सेंटरों का एक हजार क्विंटल का इंडेंट भेजा है। चांदपुर चीनी मिल ने 22 नवंबर का गन्ना सेंटरों का 650 क्विंटल, 23 नवंबर का 3100 क्विंटल, 24 नवंबर का 9100 क्विंटल तथा 25 नवंबर का मिल गेट का 14000 क्विंटल व सेंटरों का 16600 क्विंटल का इंडेंट भेज दिया है। डीसीओ के मुताबिक शासन के निर्देश पर किसान अपनी समस्या शासन को मेल भी कर सकते हैं। समस्याओं का प्रतिदिन निपटारा करके जवाब दिया जाएगा। किसानों को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है।