बिजनौर। भाजपा विधायक शुचि मौसम चौधरी ने गांव मुबारकपुर तालन के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को स्कूल बैग और किताबें वितरित कीं। उन्होंने अपने वेतन से स्कूल में तुरंत पांच पंखे भी लगवाए।
विधायक ने स्कूल की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। विधायक बच्चों के बीच में बैठ गई और किताब पढ़वाई। बच्चों से गणित के सवाल ब्लैक बोर्ड पर हल कराए। मिड-डे मील को भी खुद चखकर देखा। स्कूल में पंखे न होने पर उन्होंने अपने सैलरी अकाउंट से तुरंत रूपये निकलवा कर स्कूल के लिए पांच पंखे मंगवाए। विधायक ने कहा कि अच्छी शिक्षा के साथ साथ सफाई व स्वास्थ्य सुविधा देना भी हमारा दायित्व है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को हर रोज स्कूल भेजें। घर पर भी उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करें। कहा कि माता पिता बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक रहें। विधायक ने स्कूल स्टाफ से भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति लापरवाही न बरतने को कहा। गांव के बुजुर्गों को छड़ी, महिलाओं को शॉल और छोटे बच्चों को कपड़े भी भेंट किए। इस दौरान प्रधानाध्यापक सुहेल अख्तर बेग, नवाब आलम, हशमा बेबी, आरेंद्र कुमार, मंजू, मुजाहिदा, अलफिया अफजाल, आकांक्षा, विपिन, ग्राम प्रधान मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।