धनगर समाज के सदस्यों का कलक्ट्रेट में धरना
बिजनौर। धनगर समाज को अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए समाज के लोगों ने ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ के बैनर तले कलक्ट्रेट में धरना दिया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यादराम सिंह चंदेल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग ने धनगर समाज के सदस्यों को अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए हैं। लेकिन अभी भी समाज के सदस्यों को ये प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे हैं। उनके आवेदन पत्र यह कहकर निरस्त कर दिए जाते हैं कि उनकी जाति गडरिया है जो पिछड़ी जाति में आती है। यह भी कहा जाता है कि धनगर समाज के लोग बिजनौर में निवास नहीं करते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की तहसीलों में अवमानना की जा रही है। डीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अटल कुमार राय को सौंपते हुए धनगर समाज के सदस्यों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र देने की मांग की गई। धरने में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। इस दौरान शिव सिंह, कोमल सिंह, रामगोपाल सिंह, अमर सिंह, नंदकिशोर, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।