नजीबाबाद। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय आह्वान पर नजीबाबाद रेलवे स्टेशन सहित आसपास के स्टेशन मास्टरों ने पट्टी बांधकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। स्टेशन मास्टरों ने एमएसीपी ग्रेड देने सहित कई लंबित मांगें पूरी न करने पर रोष व्यक्त किया।
नजीबाबाद यूनियन के शाखा अध्यक्ष एसएस आरके मीणा के नेतृत्व में स्टेशन मास्टरों ने मंगलवार को हाथों पर काली पट्टी बांधकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसएस आरके मीणा, एसएम अरविंद कुमार, एके गुप्ता ने एमएसीपी ग्रेड 5400 देने, ड्रेस एलाउंस देने, स्टेशन मास्टर की ड्यूटी रोस्टर 12 घंटे से घटाकर आठ घंटे करने तथा कार्य की गहनता को देखते हुए जिन स्थानों पर आठ घंटे का रोस्टर जारी है उसे छह घंटे किए जाने की मांग की।
नजीबाबाद के अतिरिक्त फजलपुर स्टेशन पर एसएम अमित कश्यप, अनवर अली, मौअज्जमपुर में ऋषिपाल सिंह, विक्रम सिंह, मुरशदपुर में जयपाल सिंह, चंदक में कांताराम, रायसी में शिवचरण, नगीना में एसएम हरिमोहन और श्रीराम ने काली पट्टी बांधकर सरकार द्वारा स्टेशन मास्टरों की लंबित मांगों को पूरा न किए जाने का विरोध किया। बुंदकी, धामपुर, स्योहारा स्टेशन पर भी एसएम ने काली पट्टी बांधकर काम किया।