भाकियू अपनी मांगों को लेकर 13 मार्च को दिल्ली घेरेगी। यूनियन ने प्रचार का ब्लू प्रिंट बनाकर तैयारी शुरू कर दी है। यूनियन की मांगों में लागत से दोगुना फसलों का दाम दिए जाना प्रमुख है। यूनियन ने बिजली, गन्ना आदि मांगों को डीएम के समक्ष रखने का प्रस्ताव पारित किया है।
भाकियू की पंचायत बुधवार को गन्ना समिति परिसर में जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का 13 मार्च को दिल्ली घेरने का संदेश पढ़कर सुनाया गया। किसानों का तर्क था कि केंद्र ने लागत से दोगुना फसल का मूल्य देने, सभी किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। लागत निर्धारण के फार्मूले को दो श्रेणी में बांट दिया गया है। किसान की मजदूरी, जमीन का किराया और कृषि उपकरणों को लागत में नहीं जोड़ा गया है। यह किसानों के साथ धोखा है।
यूनियन ने जिले को सेक्टर में बांटकर किसान प्रचारकों को तैनात करने का काम शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष के अनुसार 13 मार्च का घिराव अभूतपूर्व होगा। उधर, भाकियू ने सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। अभियान 21 मार्च तक चलेगा। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को शराब छोड़ने, दहेज आदि कुरीतियों के खिलाफ आगे आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। किसानों का मानना है कि सड़क दुर्घटना में 80 प्रतिशत मौत का कारण शराब पीकी वाहन चलाना, हेलमेट न लगाना है। इस दौरान रामअवतार सिंह, विजयपाल सिंह, सुरपाल सिंह, अतुल कुमार, धर्मेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।
विधायक को श्रद्धांजलि के बाद किसान दिवस स्थगित
बिजनौर। बुधवार को किसान दिवस आयोजित होना था। इसमें काफी संख्या में किसान शामिल हुए। जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने नूरपुर से भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बारे में बताया। उनका कहना था कि लोकेंद्र चौहान जमीन से जुडे़ नेता थे। किसान दिवस मृतक लोकेंद्र चौहान को श्रद्धांजलि देने के बाद स्थगित कर दिया गया। जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र के अनुसार किसान दिवस की अगली तारीख एक सप्ताह में घोषित कर दी जाएगी।