लोक निमाण विभाग पर निर्माण सामग्री न देने का आरोप
नजीबाबाद (बिजनौर)।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर बगैर कमीशन के सड़क न बनाने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत उमरी की ग्राम प्रधान मिथलेश एवं ग्राम पंचायत बेगमपुर शादी के ग्राम प्रधान गिरवर समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में बताया गया है कि किरतपुर-अकबराबाद-नगीना मार्ग पर डावर सड़क निर्माण से पहले किया जाने वाला कार्य ठेकेदार द्वारा 16 जून तक पूरा करा दिया गया। आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ठेकेदार पर कमीशन का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि बगैर कमीशन ठेकेदार को तारकोल आदि निर्माण सामग्री नहीं दी जा रही है। जिससे सड़क निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।
ग्रामीणों नरदेव, जितेंद्र, नितिन, योगेंद्र, ओमपाल, नौबहार, ज्ञानचंद, लोकेंद्र, परसराम, विकुल आदि का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत अधिशासी अभियंता से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने शिकायत की गंभीरता से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।