सांसद ने समस्याओं को सुना और निदान कराया
धामपुर। नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गिरीशचंद ने शनिवार को दिल्ली से धामपुर पहुंचकर अपने धामपुर आवास पर दरबार लगा कर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका निदान कराने का प्रयास किया। सांसद ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है जिससे जनता परेशान है। दिनदहाड़े लूट हो रही है। यहां पर पुलिस थानों में पीड़ितों की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हो रही है।
शनिवार को सांसद जनता की समस्याओं को सुनने को दोपहर 12 बजे धामपुर पहुंचे। यहां पर बड़ी संख्या में पहले से लोग मौजूद थे। सांसद ने एक एक कर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका निदान कराया। देवानंदपुर के ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि उनके गांव के प्रधान ने उनकी पट्टे की खेती की जमीन को निरस्त कराकर अब उस पर खेती करने से रोक रहा है। सांसद से फिर से जमीन का पट्टा कराने की मांग की। दबथला के जगदीश ने बताया कि गांव के व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। गांव पुरैनी के बुलंदराणा का कहना है कि उनकी खेती की जमीन पर किसी और ने कब्जा कर लिया है। अब शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। समस्याओं को सुनने के बाद सांसद ने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सांसद ने बताया कि जिले में बाढ़ की आशंका से निपटने को प्रदेश सरकार की ओर से कोई ठोस काम नहीं हुए है। यदि भारी बारिश हुई तो बाढ़ से लोगों का भारी नुकसान होगा। उनके द्वारा इस मामले को लोक सदन में उठाकर जनता की समस्या का निदान कराने की मांग की गई है। इस मौके पर वरिष्ठ बसपा नेता विजय जैन आदि मौजूद रहे।