ब्याज का भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने पिछले सालों के विलंब गन्ना भुगतान पर ब्याज दिलाने की मांग की है। ब्याज का भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसडीएम बृजेश कुमार को दिए ज्ञापन में बताया कि हाईकोर्ट ने पिछले सालों के विलंब गन्ना भुगतान पर ब्याज दिलाने के आदेश दिए हैं। लेकिन हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं कराया जा रहा है। किसी भी चीनी मिल ने पिछले सालों का बकाया भुगतान नहीं दिया है। ब्याज दिलाने में प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि अगर 14 जुलाई तक ब्याज का भुगतान नहीं कराया गया तो 15 जुलाई को कलक्ट्रेट में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत में इतनी भीड़ होगी कि इसकी गूंज लखनऊ तक जाएगी। इस दौरान प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा, गोविंद, देशराज सिंह, अमरीश कुमार, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।