शीघ्र निस्तारण के लिए लें लोक अदालत का सहारा : योगेश कुमार
बिजनौर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों के निपटारे की अपील की गई।
मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय तिमरपुर में आयोजित शिविर में प्राधिकरण के सचिव जज योगेश कुमार ने कहा कि अदालतों पर मुकदमों का बोझ दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इस कारण वादकारियों को न्याय पाने में देरी होती है। उन्होंने कहा कि मुकदमों के बोझ को लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह समझौतों के माध्यम से कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी से 13 जुलाई को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने वादों का निस्तारण कराकर लोक अदालत को सफल बनाने का आह्वान किया। शिविर में वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, राष्ट्रीय आपदा पीड़ितों के लिए कल्याण एवं पुर्नवास योजना, ई-कोर्ट शुल्क प्रशासन प्रणाली के बारे में भी जानकारी दी। शिविर का संचालन पूर्व डीजीसी हरपाल सिंह ने किया।
शिविर को नायब तहसीलदार रमेश चंद चौहान, अतीक अहमद, शारिक हुसैन ने भी संबोधित किया।