प्रिंटिंग प्रेस स्वामी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई
नूरपुर। सोमवार को प्रिंटिंग प्रेस में काम करते समय करंट लगने से हुई किशोर की मौत के बाद उसके परिजनों ने देर शाम किशोर के शव को गांव के सामने सड़क पर रखकर अमरोहा मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। किशोर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस स्वामी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव तंगरौला निवासी बिजेंद्र का 14 वर्षीय पुत्र गिरीश उर्फ गोलू रोडवेज बस स्टैंड के पास एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। सोमवार की दोपहर मशीन पर काम करते वक्त करंट की चपेट में आकर गिरीश की मौत हो गई थी। किशोर के परिजनों ने प्रेस स्वामी पुनीत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वहां हंगामा किया था। बाद में समझौता होने के बाद बिना कोई कानूनी कार्रवाई किए शव को साथ ले गए थे। देर शाम परिजनों ने प्रेस स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के सामने सड़क पर शव को रखकर नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर प्रेस स्वामी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एसएचओ के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक किशोर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रेस स्वामी के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।