हाईवे के किनारे अतिक्रमण से लोग परेशान
मंडावली/नजीबाबाद। हाईवे किनारे मंडावली के मुख्य बाजार में अतिक्रमण होने से क्षेत्रीय लोगों में रोष है। प्रतिष्ठानों के सामने सरिया, रेत-बजरी और डग्गामार वाहन के अतिक्रमण करने से लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे स्थित मंडावली के मुख्य बाजार में अतिक्रमण लोगों के लिए समस्या बनी है। प्रतिष्ठान स्वामियों द्वारा हाईवे तक सामान रखकर पैदल यात्रियों के लिए मुश्किल पैदा कर दी है। लोग हाईवे के वाहनों से बचते समय अतिक्रमण के रूप में पड़े सामान से टकराकर अक्सर घायल हो रहे हैं। इतना ही नहीं हाईवे किनारे खड़े बेतरतीब ई-रिक्शा, टाटा मैजिक सहित डग्गामार वाहनों भी अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं। क्षेत्रीय ग्रामीणों मोहन सिंह, अतुल कुमार, बेगराज सिंह, इकबाल, तहसीम, नरेंद्र सिंह, बबलू आदि का कहना है कि मुख्य बाजार में अतिक्रमण उनके लिए परेशानी का सबब बना है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग करते हुए प्रतिष्ठानों के सामने से अतिक्रमण पर अंकुश लगाने की मांग की है।