धामपुर। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 25 जून से स्कूलों को खोलने के आदेश दिए थे। लेकिन तहसील क्षेत्र के चारों ब्लाकों में स्थित अधिकांश विद्यालय बंद रहे जबकि कुछ स्कूलों को शिक्षकों ने खोल कर साफ-सफाई कराई। नगर क्षेत्र के विद्यालयों की स्थिति भी चिंताजनक रही। बीएसए महेशचंद ने मामले को गंभीरता से लेकर ऐसे विद्यालयों के हेडमास्टरों के खिलाफ कार्रवाई की हिदायत दी है, जिन्होंने बार-बार आदेश के बाद भी विद्यालयों को नहीं खोला।
गौरतलब है कि सीएम ने इस बार प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्कूलों को 25 जून से खोलने के आदेश दिए थे। कहा था कि भले ही बच्चे स्कूलों में न आए लेकिन शिक्षकों को 25 जून से स्कूलों को खोलकर विद्यालय भवनों और परिसर की साफ सफाई बेेहतर कराने का काम करना है। विद्यालयों को खोलने की व्यवस्था हेडमास्टरों को दी गई थी। स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि 25 से 30 जून तक हेडमास्टर प्रतिदिन व्यवस्था के तहत विद्यालयों को खोलेंगे और साफ सफाई व्यवस्था कराएंगे। जिससे एक जुलाई को जब बच्चों स्कूलों में पढ़ने को आए तो उन्हें विद्यालय में सफाई चकाचक मिलेे।
25 जून को नहटौर, धामपुर , अफजलगढ़ और बुढ़नपुर ब्लाकों के साथ नगर क्षेत्र के स्कूूलों में अधिकांश विद्यालयों में सीएम के आदेशों को कोई असर नहीं दिखा। अधिकांश विद्यालय बंद मिले। शिक्षकों ने विद्यालयों में पहुंच कर सफाई कराना भी दायित्व नहीं समझा। नगर क्षेत्र के अधिकांश विद्यालय बंद थे। ब्लाक क्षेत्र में कुछ विद्यालयों में एकाध शिक्षक सफाई करता नजर आया।
----
अफजलगढ /रेहड़। मुख्यमंत्री के 25 जून को स्कूल खोलने के आदेश का क्षेत्र में मिला-जुला असर रहा। कुछ विद्यालयो में साफ सफाई हुई जबकि अधिकांश विद्यालयों में ताले लटके रहे। बीईओ सुनील डबराल ने बंद विद्यालयों के हेडमास्टरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। रेहड़ क्षेत्र में सादकपुर, हर्रावाला के कई विद्यालयों में साफ हुई जबकी राजनगर, बादीगढ़, भगतवाला सहित कई विद्यालय बंद रहे।
---------------------------------------
हरेवली। क्षेत्र में अधिकांश विद्यालय बंद रहे। सहारावाला, रामनगर गोसाई, आराजी कंदला, परमावाला, शहजादपुर, शाहनगर कुराली, इनायतपुर, खिजरपुर विद्यालयों में सफाई कराई। उधर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील डबराल ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
----------------------------------
कालागढ़। कालागढ़ क्षेत्र के अधिकांश बेसिक प्राइमरी स्कूल खुले पाए गए। पुराना कालागढ़ बाजार इस्लामनगर की प्रभारी आशा रानी, भिक्कावाला में बेसिक स्कूल प्रथम में यावेन्द्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय में रेनू, जामनवाला के जूनियर विद्यालय में रश्मि सिंह ने बताया कि वे निर्धारित समय पर स्कूलों में पहुंचे। सफाई कर्मचारियों को इंतजार किया। कुछ स्कूलों में सफाईकर्मी नहीं पहुंचे। जहां सफाईकर्मी पहुंचे, वहां साफ-सफाई कराई गई।