पुलिस प्रशासन ने हटवाया अतिक्रमण
अफजलगढ़। अफजलगढ़ धामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। गांव आलमपुर गावंड़ी में मुआवजा लेने के बाद भी अतिक्रमण न हटाने से 200 मीटर निर्माण कार्य रुका था। हाईवे प्राधिकारी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया।
गांव आलमपुर गांवड़ी निवासी शिवकुमार, अखिलेश, महीपाल, राजपाल, नरेश, हबीब व चंद्रपाल सिंह आदि का आरोप है कि उनकी फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि का पूरा मुआवजा पीएनसी ने नहीं दिया। जिसके चलते उन्होंने अपने मकान वहां से नहीं हटाए थे। इस वजह से फोरलेन का 200 मीटर का निर्माण कार्य अधर में लटका था। सोमवार को पुलिस प्रशासन व पीएनसी अधिकारियों ने जेसीबी से आलमपुर गावंड़ी मार्ग चौड़ीकरण में बाधक बने मकानों व दुकानों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। पीएनसी अधिकारी नंदन कुमार ने बताया कि सभी मुआवजा दिया जा चुका है। इन लोगों ने 236 में स्थित सरकारी आबादी पर कब्जा जमा रखा है। जिसका मुआवजा नहीं दिया जा सका। इस मौके पर पीएनसी अधिकारी प्रभात कुमार, नंदन कुमार, तहसील प्रशासन व सीओ कृपाशंकर कन्नौजिया व कोतवाल आशुतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे।