रोहित शर्मा को टीएसआई पद से हटाया
बिजनौर। विवादों में घिरे टीएसआई रोहित शर्मा को आईजी के आदेश पर हटा दिया गया है। उनकी जगह नूरपुर थाने में तैनात दरोगा संजय सिंह को नया टीएसआई बनाया गया है। रोहित शर्मा को हटाने के मामले को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौक पर धरना दिया था।
रोहित शर्मा जब से टीएसआई बने थे तभी से वे विवादों में थे। लोगों से बदसलूकी करने व अवैध वसूली करने के उन पर तमाम आरोप थे। हिंदू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष संजीव मलिक की पत्नी व बेटी से चेकिंग के दौरान पिछले दिनों टीएसआई रोहित शर्मा ने बदसलूकी कर दी। इस बात पर हिंदू संगठनों के लोगों में उबाल आ गया। उन्होंने शास्त्री चौक पर टीएसआई को हटाने को लेकर धरना दिया था। विधायक सुचि चौधरी व उनके पति ऐश्वर्य चौधरी मौसम भी वहां पहुंच गए। एसपी संजीव त्यागी समेत कई अफसर भी वहां मौजूद थे। टीएसआई को हटाने का एसपी ने आश्वासन दिया लेकिन इसके बाद भी रोहित शर्मा नहीं हटाए गए। एसपी का कहना था कि टीएसआई रोहित शर्मा की आईजी मुरादाबाद का अनुमोदन मिलने के बाद पोस्टिंग हुई है। आईजी के आदेश पर ही उन्हें हटाया जा सकता है। उन्होंने टीएसआई को हटाने की संस्तुति पत्र आईजी को भेज दिया है। आईजी रमित शर्मा के आदेश पर टीएसआई रोहित शर्मा को हटा दिया गया है। उनकी जगह नूरपुर थाने में तैनात दरोगा संजय सिंह को नया टीएसआई बनाया गया है।