नचना नदी की नहीं हुई सफाई, बरसात में होगी परेशानी
अफजलगढ़। नगर के बीच से होकर बहने वाली नचना नदी की सफाई न होने के कारण गंदगी से अटी पड़ी है। नदी के पानी की सही प्रकार से निकासी न होने से नागरिकों में बाढ़ की आशंका को लेकर दहशत है। लोगों का कहना है कि नागरिक हर साल नदी की सफाई कराने की मांग करते हैं, लेकिन अधिकारी सुनवाई नहीं करते हैं।
नचना नदी नगर के बीचों बीच से होकर बहती है। धीरे धीरे उसके आसपास की जगह पर अतिक्रमण कर लोगों ने अवैध निर्माण कर लिया। जिससे नचना नदी ने नाले का रूप ले लिया। पालिका ने नदी को उसके पूर्व स्वरूप में लाने के स्थान पर उसे पक्के नाले में तब्दील कर दिया। बरसाती नदी होने के कारण पानी इसमें अधिक बहता है। नाला बनी नदी में कूड़ा भरा होने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। बरसातों में इसके आसपास बने मकानों और दुकानों में तीन से चार फीट पानी भर जाता है। जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। सब्जी मंडी के समीप व्यापारी शाहनवाज, शाहिद, इस्राइल, अफजल, हबीब एजाज का कहना है कि धोबी घाट से अब्दुल रजाक स्कूल तक करीब एक किमी नाला बस्ती के बीच होकर बहता है। नाले में पानी की बिल्कुल भी निकासी नहीं है। पालिका की ओर से अभी तक नाले की सफाई नही कराई गई है। उन्होंने नाले की सफाई कराए जाने की मांग की है।
अब होगी नाले की सफाई : ईओ
ईओ कौशल कुमार का कहना है कि अधिसूचना जारी होने से टेंडर नहीं हो पाया था। नाले की सफाई के लिए तीन लाख 50 हजार रुपये में टेंडर पास करा दिया गया है। शीघ्र ही नाले की सफाई का कार्य शुरू होगा।