धामपुर। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने शनिवार को सीएचसी धामपुर का औचक निरीक्षण किया। दवाईयों के स्टाक और वितरण रजिस्टर में अंतर मिला। शौचालयों में मिली गंदगी को देख एसडीएम ने असंतोष जताया। एसडीएम से अधीक्षक को मरीजों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने निर्देश दिए।
एसडीएम धीरेंद्र सिंह शनिवार को तहसीलदार भान सिंह के साथ सीएचसी पहुंचे। एसडीएम ने पाया पर्ची काउंटर पर कोई कर्मचारी नहीं था। मरीजों की लाइन लगी थी। जांच की तो पता चला तब तक 200 मरीजों की पर्चियां बन चुकी थी। दवाइयों के स्टाक और वितरण रजिस्टर में अंतर मिलने पर एसडीएम से गंभीर रुख अपनाया। कहा कि ऐसा अंतर नहीं आना चाहिए। दवाइयों का स्टाक और वितरण सही हो। अस्पताल में केवल दो ही चिकित्सक मिले। सीएमओ को पर्याप्त चिकित्सक तैनात कराने को पत्र लिखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने इस दौरान मरीजों से भी बात की। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में सभी रोगों के निदान को सामान्य तौर पर एक ही दवाई लिखी जाती है। बाकी दवाइयां नहीं दी जाती। एंटी रैबीज इंजेक्शन का टोटा बना रहता है। शौचालयों में गंदगी देख नाराजगी जताई। एसडीएम से केंद्र अधीक्षक को इस मामले में सख्त हिदायत दी। कहा कि सफाई के लिए अस्पताल में पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।