पालिका ने खस्ताहाल यात्री प्रतीक्षालय गिराया
नजीबाबाद। प्रशासन के निर्देश पर दूसरे दिन भी रोडवेज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहा। रोडवेज के सामने खस्ताहाल यात्री प्रतीक्षालय गिराते समय रेलवे बाउंड्रीवॉल भी गिर गई। नगरपालिका परिषद ने ध्वस्त बाउंड्रीवॉल अपने खर्च पर बनवाने का निर्णय लिया है।
एसडीएम उमेश कुमार मिश्र के निर्देशन में नगरपालिका परिषद के ईओ डॉ. देवेंद्र, राजस्व निरीक्षक विपिन चौहान, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शमशाद अहमद के नेतृत्व में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। शनिवार को टीम ने रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में रखे अवैध खोखे हटवाए। रोडवेज के सामने रॉटरी क्लब द्वारा बनाया गया करीब दो दशक पूर्व का खस्ताहाल यात्री प्रतीक्षालय सुरक्षा की दृष्टि से गिराते समय रेलवे बाउंड्रीवॉल गिर गई। रेलवे ने जेसीबी से बाउंड्रीवॉल गिरने पर आपत्ति जताई। नगरपालिका परिषद ने अपने खर्च पर रेलवे की ध्वस्त बाउंड्रीवॉल बनवाने का निर्णय लिया। प्रशासन ने होर्डिंग भी हटाने के नगरपालिका परिषद को निर्देश दिए हैं। नगर पालिका की टीम ने होर्डिंग लगाने के लिए गाड़े गए लोहे के गार्डर हटाने का अभियान भी छेड़ा है।