मूल्य से अधिक वसूली पर नपे व्यापारी
नजीबाबाद। विधिक माप विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ निरीक्षक सीपी पांडे ने नजीबाबाद और किरतपुर में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान किरतपुर में किसान एग्रो क्लीनिक, जलालाबाद में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी अरशद व नासिर के मापक यंत्रों में अनियमितता पाए जाने पर चालान किए गए। वरिष्ठ निरीक्षक ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ बेचने वाले कई कारोबारियों के एमआरपी से अधिक मूल्य वसूली पर चालान किए गए। दो कारोबारियों द्वारा कोल्ड्रिंग्स पर एमआरपी से अधिक मूल्य वसूली की जा रही थी।
विधिक माप विज्ञान केंद्र प्रभारी सीपी पांडे ने कारोबारियों से निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य वसूल न करने, अपने तोल कांटों और मापक यंत्रों को अपडेट रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों से अधिक वसूली की शिकायत और मापक यंत्रों में गड़बड़ी होने की शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।