मालन नदी के पुल का होगा जीर्र्णोद्धार
नजीबाबाद। विधायक ने नेशनल हाईवे 74 के हरिद्वार मार्ग पर खस्ताहाल मालन नदी पुल का निरीक्षण किया। विधायक ने हाईवे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से जर्जर मालन नदी पुल की रेलिंग और सड़क मार्ग से पूर्व बनवाने को कहा। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने शीघ्र मालन नदी पुल की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर मालन नदी के पुल की रेलिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, पुल सड़क मार्ग पर भी बड़े-बड़े गड्ढे हैं। वर्षा होते ही पुल सड़क मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे हाईवे के यातायात और राहगीरों को परेशानी होती है। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने टीम के साथ मालन नदी के खस्ताहाल पुल का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। दुपहिया वाहन, ई-रिक्शा आदि से गुजरने वाले राहगीरों ने एनएच अधिकारियों की उपेक्षा से होने वाली परेशानियों से विधायक को अवगत कराया।
विधायक हाजी तसलीम अहमद की ओर से एनएच-74 के पीडी बीपी पाठक को मालन नदी पुल और सड़क मार्ग खस्ताहाल होने की जानकारी दी। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर हाईवे मरम्मत का काम चल रहा है। उन्होंने जल्द मालन नदी की रेलिंग और खस्ताहाल संपर्क मार्ग ठीक कराने का आश्वासन दिया। बीपी पाठक ने कहा कि एनएच-74 को बरसात शुरू होने से पूर्व गड्ढामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।