जांच करने आई टीम हंगामे के कारण लौटी
नूरपुर। गांव हंसुपुरा में शौचालय निर्माण में वित्तीय अनियमितता और धांधली की शिकायत पर डीएम के आदेश पर जांच के लिए पहुंची टीम ग्रामवासियों के हंगामे और नोकझोंक के चलते बिना जांच किए ही वापस लौट गई।
ग्रामीण विनोद कुमार, रमेश कुमार, कुलवीर सिंह व खेमचंद आदि ने डीएम को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र प्रेषित करते हुए ग्राम प्रधान उषा देवी द्वारा गांव में बनवाए गए शौचालयों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इसके अलावा शासन द्वारा 12 हजार रुपये प्रति शौचालय प्रत्येक लाभार्थी के खाते में भेजे जाने के बजाय ग्राम प्रधान द्वारा उक्त धनराशि लाभार्थी के खाते में नहीं देकर ठेकेदार से शौचालय निर्माण कराने एवं अन्य वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार को जांच के लिए परियोजना अधिकारी नरेंद्र मिश्र एवं अवर अभियंता अनुज कुमार गांव पहुंचे। दोनों जांच अधिकारियों के गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान एवं शिकायतकर्ताओं के बीच कहासुनी और नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ता देखकर जांच टीम बिना जांच के ही वापस लौट गई। परियोजना अधिकारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि बिना पुलिस सुरक्षा के गांव में जांच किया जाना संभव नहीं है। पुलिस सुरक्षा मिलने पर शीघ्र ही गांव में शिकायतों की जांच की जाएगी।