गंगा में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत
परिजनों के साथ गंगा पार खेतों पर काम करने गया था
मंडावर। खेत पर काम करने गए किशोर की नहाते समय गंगा में डूबने से मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। करीब पांच घंटे तक गोताखोरों के तलाश करने के बाद देर रात किशोर का शव मिल गया।
थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी बिजेंद्र कुमार का करीब 13 साल का पुत्र हिमांशु बृहस्पतिवार की शाम अपने परिजनों के साथ गंगा पार स्थित अपने खेतों पर काम करने गया था। बाकी परिजन तो खेत पर ही काम में जुट गए, लेकिन भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हिमांशु को बिना बताए गंगा में नहाने के लिए आ गया। वह गंगा में स्नान करने लगा। इसी दौरान अचानक वह अधिक गहरे पानी में बहकर चला गया और डूब गया। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजनों ने हिमांशु को जंगल में ही इधर-उधर और अपने घर पर तलाश किया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। थोड़ी देर बाद गंगा किनारे काम कर रहे लोगों ने किसी बालक के गंगा में नहाने की बात कही। परिजनों ने गंगा किनारे बालक के कपड़े देखकर बताया कि गंगा में डूबा बालक हिमांशु ही है। परिजन बताते हैं कि काम की व्यस्त होने के चलते हिमांशु कब गंगा में नहाने के लिए आ गया। इसका पता ही नहीं चल पाया। स्थानीय गोताखोरों ने बालक को करीब चार-पांच घंटे तलाश करने के बाद गंगा से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। हिमांशु की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्राम प्रधान पप्पू सिंह के अनुसार क्षेत्र के अधिकांश लोगों की खेती गंगा पार ही है। इसलिए हो सके तो बच्चों को अपने साथ खेतों पर न ले जाएं। क्योंकि काम में व्यस्त होने के कारण घर वाले बच्चों पर ध्यान नहीं दे पाते। इस प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं।