गेहूं खरीद केंद्रों का किया निरीक्षण
धामपुर। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने शनिवार को अफजलगढ़ क्षेत्र में स्थित गेहूं खरीद केंद्रों पर छापेेमारी की। छापेमारी में गेहूं की खरीद कम पाने पर एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों की जमकर क्लास ली। एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को प्रतिदिन का लक्ष्य सौंपा। हिदायत दी कि यदि उनके स्तर से प्रतिदिन का लक्ष्य पूरा नहीं किया जाएगा तो विभागीय कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं छापेमारी से केंद्र प्रभारियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम ने गेहूं खरीद केंद्रों की चेकिंग करने के बाद अवगत कराया कि केंद्रों पर प्रभारियों की ओर से खरीद में तेजी नहीं लाई जा रही है, जबकि बार-बार सरकार के आदेशों का हवाला देते हुए तेजी के निर्देश दिए जा रहे हैं। खरीद की धीमी रफ्तार होने पर उनके स्तर से कई प्रभारियों की कार्यशैली पर असंतोष जताया गया। अलग-अलग केंद्रों के प्रभारियों को खरीद की सरकारी लक्ष्य पूरा करने को प्रभारियों को प्रतिदिन का लक्ष्य सौंपा गया है। चेता दिया है कि यदि उनके स्तर से प्रतिदिन का लक्ष्य पूरा नहीं होगा, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उधर, एसडीएम की छापेमारी से शनिवार को दिनभर केंद्र प्रभारियों में हड़कंप मचा रहा। केंद्र प्रभारियों का कहना है कि उनके स्तर से लक्ष्य को पूरा करने का तो हर संभव प्रयास किया जा रहा है, पर भीषण गरमी के चलते केंद्र पर किसान गेहूं बेचने को कम निकल रहे हैं। उनकी मेहनत में कोई कमी नहीं है। उनके स्तर से हर गांव में अपने लोगों को खरीद के लक्ष्य को पूरा करने को लगा रखा है।