ईस्टर पर हुईं विशेष प्रार्थना सभाएं
नजीबाबाद। ईसा मसीह के पुनर्जीवित पर सेंट मेरी चर्च सहित मिशनरी संस्थाओं की ओर से विशेष प्रार्थना आयोजित की गई। देर रात तक चले ईस्टर पर्व आयोजन में मिशनरी सदस्यों ने प्रभु ईसा मसीह को नमन करते हुए उनके पुनर्जीवित पर खुशी मनाई।
सेंट मेरी चर्च में शनिवार देर रात ईस्टर पर्व पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। बिशप ग्रेशियन मुंडाडन ने ईस्टर पर्व पर फादर वीजू वडक्किल, फादर वर्गीस, फादर सबास्टीन, फादर ऑस्टिन, फादर लुकस, फादर जोनी, फादर अजो और क्षेत्र से आई सिस्टर की उपस्थिति में विशेष प्रार्थना कराई। बाइबिल का पाठ हुआ। मुख्य अतिथि बिशप ग्रेशियन मुंडाडन ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह का जीवन सुख, शांति, आनंद और परिवर्तन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने दीन दुखियों की भलाई के लिए जीवन पर्यंत समर्पण भाव का दुनिया को संदेश दिया। फादर वर्गीस और फादर वीजू वडक्किल ने कहा कि ईस्टर पर्व हमें चुनौतियों और समय के साथ चलकर धैर्य बनाए रखने, विपत्तियों में साहस का परिचय देने और सदैव आशावादी होने का संदेश देता है। उधर मैथोडिस्ट चर्च, सेंट जॉन्स आश्रम, शांति मां आश्रम मंडावली सहित मिशनरी संस्थाओं ने ईस्टर पर्व पर विशेष प्रार्थना सभाओं के साथ प्रभु ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने की खुशियां मनाईं।