घने कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाईं दुश्वारियां
बिजनौर। फरवरी में दस्तक दे रहे घने कोहरे और शीतलहर ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ानी शुरू कर दी है। रविवार की सुबह से ही शीत लहर चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने पांच फरवरी तक कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कोहरा दिसंबर और जनवरी माह में आता है। मगर, इस बार मौसम विपरीत है। कोहरा फरवरी माह में दस्तक दे रहा है। रविवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। वाहन रेंगने को मजबूर हो गए। शीत लहर ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। इससे लोग घरों में ही रहने को मजबूर हुए। आवश्यक कार्य पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। कोहरे के कारण लोगों की दिनचर्या भी देरी से शुरू हुई। मौसम वेधशाला नगीना के प्रेक्षक आरके शर्मा ने बताया कि कोहरा गेहूं की फसल के वरदान है। जिले का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 56 से 97 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रेक्षक के अनुसार यह कोहरा गेहूं की फसल के लिए वरदान है। गन्ने की फसल के लिए भी यह अनुकूल है। आलू और दलहनी फसलों के लिए यह नुकसानदायक है। प्रेक्षक ने बताया कि चार और पांच फरवरी को भी कोहरा छाए रहने की संभावना है।