नहटौर में ठंड लगने से वृद्ध महिला की मौत
नहटौर। ठंड लगने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मोहल्लेवासियों में डूडा विभाग के खिलाफ आक्रोश है। प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान आवंटित होने के बावजूद भी परिवार टूटे फूटे कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। ठंड से वृद्ध महिला की मौत की खबर पर राजस्व विभाग में हड़कंप मच हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए परिजनों के बयान लिए हैं। टीम के पहुंचने से पहले महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मोहल्ला जोशियान में महिला मूर्ति देवी (60) अपने विकलांग पुत्र के साथ कच्चे टूटे फूटे मकान में रह रही है। परिवार व मोहल्लेवासियों के मुताबिक रविवार सुबह को महिला की ठंड लगने से मौत हो गई। रात में ठंड लगने के बाद उसे निजी चिकित्सक को दिखाया गया। उसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए आवेेदन किया था। आवेदन के बाद आवास मूर्ति देवी के नाम से आवंटित हो गया था। आरोप है कि डूडा विभाग के आवासीय जांच कर्मचारी कुछ दिन पूर्व मूर्ति देवी के पास पहुंचे और उनकी जांच के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की थी। मूर्ति देवी नहीं पैसे देने में असमर्थता जताई। महिला अपने टूटे फूटे कच्चे मकान में रह रही थी। रविवार की सुबह को मूर्ति देवी की ठंड लगने के कारण मौत हो गई। उसके परिजनों ने उच्च अधिकारियों से मामले में जांच कर डूडा विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। राजस्व विभाग के कानूनगो योगेश शर्मा और हल्का लेखपाल राहुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में तहसीलदार भान सिंह ने बताया कि मौके पर टीम भेज कर मामले की जांच कराई जा रही है।