नेतृत्व क्षमता विकास के लिए कार्यशाला आयोजित
चांदपुर। सामाजिक संस्था मंडलीय विकास संस्थान की ओर से मुस्लिम महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए आयोजित कार्यशाला में जानकारी दी गई।
मोहल्ला मुफ्ती सराय में आयोजित छह दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन विधायक कमलेश सैनी ने किया। विधायक ने कहा कि भारत में मुस्लिम समुदाय की सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक स्थिति खराब है। इसका उल्लेख सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में भी किया गया है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय नई दिल्ली ने नई रोशनी योजना अल्पसंख्यक महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकास करने के लिए शुरू की है। संस्था के सचिव इलियास अंजुम ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय आज भी पिछड़ा हुआ है। यदि इनके अंदर क्षमता संवर्धन का विकास नहीं किया गया तो समुदाय और अधिक पिछड़ जाएगा। मास्टर हरिराज सिंह ने मुस्लिम लड़कियों से इंजीनियर, चिकित्सक, एडवोकेट, प्रोफेसर, आईएएस, आईपीएस की परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डा.योगेंद्र चौहान, पुखराज सैनी, सुनील सैनी, शादाब अंजुम, फहद अंजुम, अल्तमश अंजुम, इकरा अंसारी आदि मौजूद रहे।