आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकारों को कर्मचारी विरोधी बता किया प्रदर्शन
धामपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर ऐसो. की जिलाध्यक्ष पूनम विश्नोई ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर कार्यकत्री विरोधी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश के सीएम को चेताया कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो एक अक्तूबर को महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर लखनऊ में आंदोलन होगा। योगी सरकार को उनके किए वादों को याद दिलाकर राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराने की मांग की जाएगी। मंगलवार को संपन्न बैठक में पारित प्रस्ताव को डाक सेवा से प्रेषित कर सरकार को अवगत कराने की बात कही है।
मंगलवार को गांव नौरंगाबाद में पंचायत घर पर संपन्न हुई बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि यूपी और केंद्र सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भरोसा देने के बाद भी धोखा दे रही है। सात जून को जब लखनऊ में आंदोलन के दौरान प्रदेश के सीएम से ऐसो के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता हुई थी तो सीएम ने उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का दमदार तरीके से भरोसा दिया। पर भरोसा देने के बाद सीएम अपने वायदे को भूल गए हैं। चेताया कि यदि सरकार ने उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया तो लोकसभा 2019 में प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भाजपा में विरोध कर हराने का काम करेंगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले ऐसो. की ओर से प्रदेश भर में प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर यूपी और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा और 31 अगस्त को एसडीएम के माध्यम से देश के पीएम को मांग पत्र सौंप कर विरोध जताया जाएगा। 31 अगस्त को जिलाध्यक्ष ने होने वाले आंदोलन को सफल बनाने को रोडवेज डिपों के पास एकत्र होने की अपील की है। बैठक में बबीता रानी, उमा रानी, स्वदेश कुमारी, विमलेश कुमारी, कब्जा रानी, निशा चौधरी, शबनम, सुधा शर्मा, मिथलेश रानी, राजेश्वरी रहीं।