किसानों को धरना, एसडीओ और जेई को बंधक बनाया
भागूवाला/नजीबाबाद। गांव कोट सराय में एचटी विद्युत लाइन का तार नीचे से गुजर रही एलटी विद्युत लाइन पर टूटकर गिरने से हड़कंप मच गया। डबल फेस होने से कई ग्रामीणों के विद्युत उपकरण फुंक गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने भाकियू के साथ भागूवाला बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ और जेई को बंधक बनाकर घंटों अपने बीच बैठाए रखा।
गांव कोट सराय के प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से उच्च क्षमता विद्युत लाइन, एलटी विद्युत लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार रात उच्च क्षमता विद्युत लाइन अचानक टूटकर नीचे गुजर रही एलटी विद्युत लाइन पर गिर गई। दोनों लाइनों के आपस में टकराने से तेज धमाके के साथ चिंगारी उठने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लाइनों के डबल फेस होने से कई ग्रामीणों के विद्युत उपकरण फुंक गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भाकियू महासचिव अवनीश कुमार, करतार सिंह, दिनेश कुमार, सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में भागूवाला बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि विद्युत निगम की उदासीनता से 15 दिन पूर्व क्षेत्र से गुजर रही जर्जर एचटी लाइन की चपेट में आकर कोट सराय निवासी एक किसान के तीन पशुओं की मौत हो गई थी। विद्युत निगम कर्मचारियों ने जर्जर विद्युत लाइन को शीघ्र बदलने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीओ विकास कुमार और जेई कुलदीप ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित किसानों ने एसडीओ और जेई को बंधक बनाकर अपने बीच घंटों बैठा लिया। किसान क्षेत्र से गुजर रही जर्जर उच्च क्षमता की विद्युत लाइन का निरीक्षण करवाने के लिए दोनों विद्युत अधिकारियों को गांव ले गए। एसडीओ और जेई के जर्जर विद्युत लाइन के गार्डिंग कराने तथा शीघ्र जर्जर लाइन को बदलवाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण और किसान शांत हुए। इस दौरान हुकुम सिंह सत्यपाल, गर्भित, विपिन, इकबाल, रणवीर आदि मौजूद रहे।