बिजनौर। जिले में स्वच्छता की अलख जगाकर जिला बिजनौर को बेमिसाल बिजनौर की पहचान दिलाने वाले स्थानांतरित हुए सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी का मानव उत्थान संस्थान की ओर से ‘हमें नाज है जिन पर’ सम्मान से नवाजा गया। सीडीओ का नगर आयुक्त लखनऊ के लिए स्थानांतरण हो गया है।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी का प्रयास रहा कि उनके द्वारा हर व्यक्ति की यथासंभव मदद की जाए। अपने कार्यकाल में सीडीओ हर व्यक्ति के दुख-दर्द में काम आए। संस्था अध्यक्ष सैयद हसन अब्बास ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले 10 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक व्यक्ति को ‘हमें नाज है जिन पर’ सम्मान से नवाजा जाता है। इस बार यह सम्मान सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी को दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को धार देने के लिए सीडीओ ने जिले में स्वच्छता की अलख जगाते हुए कई सराहनीय कार्य किए। जिले को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) कराने में बहुत बड़ी भूमिका रही। इस कार्य की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। जिले के शौचालयों को इज्जतघर का नाम दिलाने वाले भी यही रहे। ऐसे ही कई सराहनीय और सामाजिक कार्य करने के कारण ही बिजनौर जनपद को बेमिसाल बिजनौर का नाम मिला। इसके अलावा करवाचौथ पर पति नंबर-1 और रक्षाबंधन पर भाई का प्यार, इज्जतघर का उपहार जैसे लोकप्रिय नारे दिए। संस्था अध्यक्ष ने बताया कि संस्था ऐसे सामाजिक करने वाले हर एक व्यक्ति को संस्था की ओर से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सलीम अख्तर, रचना खन्ना, सुमन चौधरी, आफर हसनैन आदि मौजूद रहे।